रामनगर (बाराबंकी)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महादेवा स्थित ऑडिटोरियम में समाजसेवी के.पी. तिवारी के संयोजन में आयोजित भव्य योग शिविर का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण और शंखनाद के साथ हुआ। शिविर में योग साधकों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास एवं आध्यात्मिक चिंतन का लाभ उठाया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली संपूर्ण जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा आज विश्वभर में स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का संदेश दे रही है। योग मानसिक तनाव, चिंता और अवसाद को दूर कर व्यक्ति को नई ऊर्जा और आत्मविश्वास प्रदान करता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा अवध क्षेत्र के उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली, बढ़ती प्रतिस्पर्धा और भौतिकता के दौर में योग की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग भी प्रशस्त करता है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
शिविर में योगाचार्य रवि, अखिलेश पांडेय एवं गजानन शुक्ला ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा प्रवक्ता शेखर पांडेय, ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी, एसडीएम आनंद तिवारी, रामबाबू द्विवेदी, मंडल अध्यक्ष अमित सिंह, अखिलेश चतुर्वेदी, खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्रा, बालमुकुंद गुप्ता, प्रिंसिपल कमलेश सिंह, पूर्व चेयरमैन बद्री प्रसाद त्रिपाठी, शिव प्रकाश अवस्थी, भुल्लन अवस्थी, रवि कांत पांडेय सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं योग प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन स्वस्थ समाज और निरोग भारत के संकल्प के साथ हुआ।
0 Comments