बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को प्रख्यात गांधीवादी, समाजवादी चिंतक एवं लोकतंत्र रक्षक सेनानी राजनाथ शर्मा के आवास बेलहरा हाउस पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने राजनाथ शर्मा के शीघ्र एवं समुचित उपचार के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रंजन गौतम को आवश्यक निर्देश भी दिए।
ज्ञात हो कि बीते दिनों फेफड़ों में संक्रमण के कारण राजनाथ शर्मा को एसजीपीजीआई, लखनऊ में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान उन्हें निमोनिया की शिकायत पाई गई थी। उपचार के बाद गुरुवार को वह अस्पताल से घर लौटे और वर्तमान में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
राजनाथ शर्मा के अस्वस्थ होने की सूचना मिलने पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक स्वयं उनके आवास पहुंचे और उनके साथ-साथ पुत्र मृत्युंजय शर्मा एवं धनंजय शर्मा से भी मुलाकात कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि "राजनाथ शर्मा जैसी शख्सियतें हमारी अनमोल धरोहर हैं। वह समाजवाद की जीवित पाठशाला हैं। आज के दौर में ऐसे सिद्धांतवादी और जनसमर्पित नेता विरले ही देखने को मिलते हैं।" उन्होंने ईश्वर से राजनाथ शर्मा के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर मार्गदर्शन की कामना की।
ब्रजेश पाठक के इस आत्मीय, संवेदनशील और मानवीय व्यवहार की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक जीवन में इस प्रकार की आत्मीयता और वरिष्ठ समाजसेवियों के प्रति सम्मान लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूत करता है।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रंजन गौतम, वाल्मीकि नगर वार्ड के सभासद अश्विनी शर्मा ‘शिवा’, आशुलिपिक अंकुर वर्मा, वरिष्ठ पत्रकार पाटेश्वरी प्रसाद, जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष बृजेश दीक्षित, चौकी प्रभारी अनुराग पाठक, कोतवाली प्रभारी सुधीर सिंह, रंजय शर्मा, डॉ. अदिति शर्मा, जिला उपभोक्ता फोरम के पूर्व न्यायिक सदस्य हुमायूं नईम खान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
0 Comments