बाराबंकी।
गांधी जयंती सप्ताह के दूसरे दिन देवा रोड स्थित गांधी भवन में विचार, विमर्श और सम्मान का संगम देखने को मिला। गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में गांधी जीवन-दर्शन, मद्य निषेध, कौमी एकता, स्वदेशी और स्वावलंबन जैसे विषयों पर परिचर्चा हुई। इसके बाद सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 25 विभूतियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने वयोवृद्ध राजनेता एवं पूर्व सांसद रामसागर रावत को बेनी प्रसाद वर्मा लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया।
समाजसेवी उमेर किदवई की अध्यक्षता में आयोजित समारोह का शुभारंभ महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
वरिष्ठ पत्रकार अरविंद कुमार सिंह को प्रभाष जोशी पत्रकारिता सम्मान और सोशल एक्टिविस्ट राखी किशोर को अरुणा आसफ अली सम्मान प्रदान किया गया।
पूर्व विधायक रामचंद्र बक्श सिंह को मरणोपरांत युसूफ मेहर अली सम्मान दिया गया, जिसे उनके पुत्र अजय वर्मा ‘बबलू’ ने ग्रहण किया। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के साथी रहे पतित पवन अवस्थी को मरणोपरांत चंद्रशेखर सम्मान प्रदान किया गया, जिसे उनकी पुत्रवधू रेखा अवस्थी ने प्राप्त किया।
शिक्षाविद सुजीत चतुर्वेदी को डॉ. संपूर्णानंद शिक्षा सम्मान से नवाजा गया। नागपुर से आए पदयात्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता अनिल चौहान को जार्ज फर्नांडिस सम्मान दिया गया।
पशुओं के उत्थान, रक्षा और सुरक्षा सहित सामाजिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अब्दुल्लाह सिद्दीकी और हेमंत शर्मा को धनराशि एवं अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में अमीर हैदर, तालिब नजीब कोकब, हसमत उल्लाह, वीरेंद्र वर्मा, रोहित श्रीवास्तव, मोहम्मद अहमद शहंशाह, नईम सिद्दीकी, वीरेंद्र प्रधान और संतोष रावत सहित अन्य गणमान्य लोगों को भी माला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
0 Comments