तहलका टुडे टीम/मोहम्मद वसीक
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी जीशान रिज़वी के नेतृत्व में मंगलवार 14 अप्रैल को छुट्टी के दिन भी एक अहम निरीक्षण अभियान चलाया गया। टीम ने जिले के शहर मुख्यालय और आसपास की वक्फ संपत्तियों का गहन दौरा कर हालात का जायजा लिया और कई गंभीर अनियमितताओं को चिन्हित किया।
यह निरीक्षण आम जनता और कमेटियों की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर किया गया, जिसमें अवैध कब्जे, फर्जी रजिस्ट्रियां, गैरकानूनी निर्माण और वक्फ संपत्तियों के दुरुपयोग जैसे मामलों की जांच की गई।
करबला सिविल लाइंस में बंद जन्नतुल बकी का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान टीम ने 25 शव्वाल को इमाम जाफर ए सादिक (अ.स.) की शहादत से जुड़े महत्वपूर्ण स्थल करबला सिविल लाइंस (रजिस्टर्ड नंबर 2556/53) का दौरा किया। यहां कमेटी द्वारा बंद किए गए जन्नतुल बकी के हालात का जायजा लिया गया।
टीम ने करबला परिसर में कटे हुए पेड़ों, लंबित मुकदमों की पैरवी की स्थिति, बैलेंस शीट, कंट्रीब्यूशन और धारा 52 के अंतर्गत चल रहे मामलों की भी समीक्षा की। साथ ही अवैध कब्जों और निर्माण को लेकर मिली शिकायतों पर मौके पर जांच की गई।
बेगमगंज में वक्फ नवाब अमजद अली खान संपत्ति पर सख्ती
इसके बाद टीम ने निबलेट तिराहा, बेगमगंज स्थित वक्फ नवाब अमजद अली खान की संपत्तियों का निरीक्षण किया। यहां जावेद नसीम खान, आदिल अहमद खान, मोहम्मद जाबिर द्वारा वक्फ की जमीन की रजिस्ट्री कराने के मामले सहित अन्य संबंधित लोगों के मामलों की जांच की गई।
टीम ने लाजपत नगर, कोतवाली के सामने और आसपास के क्षेत्रों में:
- अवैध कब्जों
- किरायेदारी विवाद
- फर्जी रजिस्ट्रियां
- नगरपालिका में दाखिल-खारिज
- बिना अनुमति निर्माण
जैसे मामलों का बारीकी से मुआयना किया।
वक्फ अमजद अली खान की बेगमगंज, लाजपतनगर ,रसूलपुर की जमीन पर बने अवैध मार्केट और कब्जेदारों पर भी जांच की आंच,चलेगा बुलडोजर
निरीक्षण के दौरान कई चर्चित स्थानों का भी दौरा किया गया, जिनमें:
- नीलम शाह कॉम्प्लेक्स
- सिंह ट्रांसपोर्ट मार्केट
- गुरुद्वारा रोड स्थित राम जानकी मार्केट
- मेराज आलम उर्फ पप्पू का मार्केट
- अमरेश जैन द्वारा बेगमगंज में किए गए अवैध कब्जे के भी फोटो खींचे
शामिल रहे। इन सभी जगहों पर वक्फ भूमि के उपयोग और स्वामित्व से जुड़े मामलों की जांच की गई।
60 साल से बिना छत के इमामबाड़े पर चिंता
टीम ने बेगमगंज स्थित वक्फ नवाब अमजद अली खान के उस इमामबाड़े का भी निरीक्षण किया, जो पिछले 60 वर्षों से बिना छत के पड़ा था उसका पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति देखी गई और अवैध कब्जों को हटाने के प्रयासों की सराहना की गई।
कमेटी के सेक्रेट्री सरवर अली रिज़वी, रईस अहमद, अख्तियार हुसैन और शम्स की मेहनत की टीम ने खुले दिल से तारीफ की।
धारा 52 के मामलों में तेज कार्रवाई की मांग
इस दौरान सरवर अली रिज़वी ने वक्फ बोर्ड में लंबित धारा 52 के तहत रजिस्ट्री कैंसिलेशन की तमाम फाइलों और 185 प्रतिष्ठानों को जारी नोटिसों पर जल्द कार्रवाई की मांग उठाई।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी जीशान रिज़वी ने मौके पर ही आश्वासन दिया कि इन मामलों में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
लेखाकार भी रहे साथ
इस पूरे निरीक्षण अभियान में वक्फ बोर्ड के लेखाकार आबिद रजा भी टीम के साथ मौजूद रहे।
इस मौके पर वक्फ नवाब तक़ैय्या बेगम ,और वक्फ करबला बड़ेल के अध्यक्ष और सेकेट्री मौजूद रहे।
बाराबंकी में वक्फ संपत्तियों को लेकर हो रही गड़बड़ियों पर अब बोर्ड ने सख्त रुख अपना लिया है। छुट्टी के दिन किया गया यह निरीक्षण साफ संकेत देता है कि अवैध कब्जों और भ्रष्टाचार के खिलाफ अब तेज कार्रवाई तय है।
अब देखना यह होगा कि इस बड़े निरीक्षण के बाद जमीनी स्तर पर कितनी तेजी से कार्रवाई होती है और वक्फ संपत्तियों को उनका हक दिलाया जाता है।
0 Comments