Hot Posts

6/recent/ticker-posts

हॉकी के मैदान में छाया रोमांच, गांधी क्लब ए और नेबलेट स्कूल बी ने मारी बाजी,गांधी जयंती सप्ताह में चार टीमों के बीच कांटे की टक्कर, आज सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले


तहलका टुडे टीम/सदाचारी लाला उमेश चंद्र श्रीवास्तव/मोहम्मद वसीक 

बाराबंकी। गांधी जयंती सप्ताह के तहत रविवार को बंकी के खेल मैदान पर हॉकी का रोमांच देखने को मिला। गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में चार टीमों ने मैदान पर दमखम दिखाया। तेज रफ्तार खेल, शानदार पासिंग और गोल के लिए खिलाड़ियों की जद्दोजहद ने मुकाबलों को रोमांचक बना दिया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व हॉकी खिलाड़ी एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव धनंजय शर्मा तथा सामाजिक कार्यकर्ता साकेत संत मौर्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया और खेल भावना के साथ मुकाबला करने का संदेश दिया।

पहले मुकाबले में गांधी क्लब ए और नेबलेट स्कूल टीम ए आमने-सामने थीं। दोनों टीमों के बीच शुरू से ही कड़ा संघर्ष देखने को मिला। गांधी क्लब ए ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 3-2 से अपने नाम कर लिया।


दूसरे मुकाबले में गांधी क्लब बी और नेबलेट स्कूल टीम बी के बीच जबरदस्त टक्कर हुई। अंतिम क्षणों तक मुकाबले का रोमांच बना रहा, लेकिन नेबलेट स्कूल टीम बी ने निर्णायक बढ़त बनाते हुए 2-1 से जीत दर्ज की। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।

आज प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके लिए खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।

मुख्य अतिथि धनंजय शर्मा ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास करते हैं। वहीं साकेत मौर्य ने कहा कि गांधी जयंती सप्ताह में हॉकी प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन का संदेश देना है।

आयोजन में ट्रस्ट के संयोजक एवं वरिष्ठ गांधीवादी चिंतक राजनाथ शर्मा, अध्यक्ष मो. उमेर किदवई, विनय कुमार सिंह, पाटेश्वरी प्रसाद, विजय कुमार सिंह सहित पदाधिकारियों की भूमिका रही। इस दौरान सलाउद्दीन किदवई, मुजीब अहमद, जेपी गुप्ता, सभासद सतीश जायसवाल, रियाज अहमद, अंजार अंसारी, अखलाद अंसारी, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments